सोमवार, 13 सितंबर 2010

पन्ना टाइगर रिजर्व से बाघिन गायब


पन्ना टाइगर रिजर्व की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। पार्क में तीन गुमशुदा शावकों की खोज में पहले ही प्रबंधन परेशान है, उसपर अब बाघिन के लापता होने वहां हड़कंप की स्थिति है। बताया जाता है कि अब शावकों की खोज के साथ बाघिन की तलाश भी तेज कर दी गई है।
दल बनाकर खोज-
शावकों और बाघिन की तलाश में पार्क प्रबंधन ने तीन हाथी, चार जिप्सियों सहित वनकर्मियों को पार्क का चप्पा-चप्पा खंगालने के आदेश दिए हैं। खोज करने के लिए टीम बनाकर अलग-अलग दिशाओं में रवानगी कराई गई है।
कान्हा से आई थी बाघिन-
लापता हुई बाघिन के बारे में सूत्रों का कहना है कि यह वही बाघिन है जिसे गत वर्ष कान्हा से लाया गया था। बताया जाता है कि आखिरी बार बाघिन करीब पांच दिन पूर्व शाम साढ़े पांच बजे लालडमरा परिक्षेत्र के खिरौन के पास देखी गई थी।
कॉलर आई-डी खराब-
जानकारों का कहना है कि बाघिन का कॉलर आई-डी कुछ दिन पूर्व से खराब है, इस कारण उसे ट्रेस करने में मुश्किलें आ रही हैं।
शावकों का सुराग नहीं-
हिनौता रेंज के कंपार्टमेंट नंबर 528 से लापता हुए तीन नर शावकों का रविवार देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका है। बताया जाता है कि खेरइया बीट के कंपार्टमेंट नंबर 534 में बाघिन के साथ केवल एक मादा शावक देखा गया था, इसके बाद खोजबीन शुरु कर दी गई। सूत्रों का कहना है कि अपने से बच्चों को अलग पाकर बाघिन के स्वभाव में परिवर्तन आ गया है।
प्रबंधन ने चुप्पी साधी-
पहले तीन शावकों और अब बाघिन के गुम होने के बाद पार्क प्रबंधन ने गहरी चुप्पी साध ली है। बताया जाता है कि आला अधिकारियों ने यहां डेरा डाल रखा है और वनकर्मियों को इस संबंध में किसी भी तरह की बात करने से सख्त मनाही कर रखी है।

कोई टिप्पणी नहीं: